अतर्रा। जल संस्थान की नरैनी रोड में राइजिंग पाइपलाइन टूटने से कस्बे में पिछले एक पखवाड़े से पेयजल आपूर्ति बाधित है। लोग बाल्टी भर पानी के लिए परेशान हैं। इक्का दुक्का ठीक हैंडपंपों में पानी भरने वालों की लंबी लाइनें लग रही हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि राइजिंग पाइपलाइन से छह लाख लीटर क्षमता वाली पानी की टंकी नहीं भर पा रही है। इसी टंकी से स्वास्थ्य केंद्र, सिविल जज, क्षेत्राधिकारी, डाक्टर कालोनी सहित नरैनी रोड, सिविल लाइन, लाल थोक, बजरंग नगर, गोखिया मोड़, आजाद नगर, गौरा बाबा, भद्रकाली रोड, रामलीला मैदान रोड, बांदा रोड, चौक बाजार सहित दो दर्जन मोहल्लों में आपूर्ति होती है।
यहां पीने के पानी के लिए हाहाकार मचा है। 15 दिन से अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं। जेई जल संस्थान कौशल कांत का कहना है कि मेन पाइपलाइन टूटी है। जिला मुख्यालय से सामान की व्यवस्था कराई जा रही है। जल्द पाइपलाइन दुरुस्त कराई जाएगी।