बांदा। गोशाला में गोवंशियों के संरक्षण की फर्जी जानकारी देने और पौधारोपण में लापरवाही बरतने पर जिला विकास अधिकारी ने ग्राम विकास अधिकारी को निलंबित कर दिया। मामले की जांच बिसंडा बीडीओ को सौंपी है और 15 दिन में आरोपपत्र दाखिल करने के निर्देश दिए हैं।
जिला विकास अधिकारी रमाशंकर सिंह ने कहा है कि 19 जुलाई को जौरही में संचालित गोशाला का निरीक्षण किया गया तो मौके पर एक भी गोवंश नहीं मिले। जबकि बड़ोखर खुर्द ब्लाक में तैनात ग्राम विकास अधिकारी पुष्पा प्रियदर्शनी ने यहां 60 गोवंश संरक्षित होने की जानकारी दी थी। उन्होंने बताया कि मनरेगा योजना के तहत ग्राम पंचायत में पौधारोपण किया जाना था, लेकिन न गड्ढे खोदे गए और न ही पौधे लगाए गए। निरीक्षण के समय भी अनुपस्थिति रहीं।
बड़ोखर खुर्द बीडीओ ने भी 22 जुलाई को वीडीओ पुष्पा पर कार्रवाई की संस्तुति की थी। उन्होंने पुष्पा प्रियदर्शनी को निलंबित कर बड़ोखर खुर्द मुख्यालय से संबद्ध किया गया है। मामले की जांच खंड विकास अधिकारी बिसंडा को सौंपी है।