बांदा। रातों रात शहर में बनाई गई सड़कों की गुणवत्ता को लेकर कमिश्नर ने कड़ी नाराजगी जाहिर की। डीएम अनुराग पटेल को सड़कों की जांच कराकर दोषी ठेकेदार व संबंधित अधिकारी पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
आयुक्त दिनेश कुमार ने कहा कि शहर में सड़कों की गुणवत्ता को लेकर बराबर शिकायतें मिल रही है। 21 दिसंबर को उन्होंने शहर भ्रमण के दौरान खुद देखा है कि सड़कों की गिट्टियां अभी से निकल रही हैं। उन्होंने डीएम को लोक निर्माण विभाग व ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अधिकारियों की कमेटी बनाकर एक-एक सड़क की जांच कराने व 10 जनवरी तक रिपोर्ट देने को कहा है।
जांच के दौरान देखा जाए कि गुणवत्ता युक्त सड़क का निर्माण हो रहा है या नहीं। खामियां मिलने पर कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाए। आदेशों में कहा कि सड़कों के निर्माण व गुणवत्ता की नियमित समीक्षा की जाए। ताकि सड़कों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की कमी न रहने पाए।