अतर्रा। अतर्रा रेलवे स्टेशन प्रबंधक की पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पति की गुजारिश पर पुलिस ने पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया। आत्महत्या का कारण परिजन नहीं बता सके।
अतर्रा थाना क्षेत्र के बांदा रोड में शास्त्री नगर निवासी रेलवे स्टेशन प्रबंधक प्रभाकर नामदेव की पत्नी गुड्डन (54) ने शनिवार को दोपहर घर में पंखे पर साड़ी बांधकर गले में फंदा कस लिया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दूसरे कमरे में खेल रहे बच्चों ने खिड़की से झांककर देखा तो शव लटक रहा था।
पड़ोसियों ने पति प्रभाकर नामदेव को सूचना दी। प्रभाकर मूसा नगर स्थित अपना नया मकान देखने गए थे। वह तुरंत घर पहुंचे और पत्नी गुड्डन को फंदे से उतारकर सीएचसी पहुंचाया। यहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। पति के अनुरोध पुलिस ने पंचनामा भरकर शव बगैर पोस्टमार्टम परिजनों को सौंप दिया। शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। मृतका अपने पीछे तीन पुत्रियां व एक पुत्र छोड़ गई है।
परिजन घटना की वजह नहीं बता पा रहे। गुड्डन का मायका अजयगढ़ (पन्ना, एमपी) है। थाना पुलिस ने मायके वालों को घटना की जानकारी दी है। कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र त्रिपाठी का कहना है कि घटनास्थल का मुआयना किया गया है। हरेक बिंदु पर जांच की जा रही है। फिलहाल घटना की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी। पति की गुजारिश पर पोस्टमार्टम नहीं कराया गया।
जसपुरा थाना क्षेत्र के झंझरी पुरवा निवासी रामबाबू की पुत्री मीनू देवी (19) ने शुक्रवार की शाम घर के कमरे में दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। अंदर से दरवाजे बंद थे। शाम को खेत से लौटे पिता व मां रामा देवी ने बमुश्किल दरवाजे खोले तो मीनू का शव फंदे पर लटक रहा था।
सूचना पर करीब एक घंटे बाद पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। पिता ने बताया कि घटना के वक्त मीनू घर में अकेली थी। घर के सभी लोग खेत गए थे। मीनू पढ़ाई में होशियार थी और बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी। पिता घटना की वजह नहीं बता सके। बताया कि किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं थी। कारण पता न होने पर परिवार के सभी परेशान हैं।