बांदा। तीसरे, चौथे और पांचवें चरण में शामिल चित्रकूटधाम मंडल में मतदान के पूर्व कई दलों के स्टार प्रचारक नेताओं का धमाल रहेगा। इसकी शुरूआत शुक्रवार से हो गई। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डा.दिनेश शर्मा ने बांदा जनपद की तिंदवारी और बबेरू विधान सभा क्षेत्रों में चुनावी जनसभाएं कीं। प्रदेश के दूसरे उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य 14 फरवरी को महोबा के कुलपहाड़ में चुनावी सभा संबोधित करेंगे।
महोबा और हमीरपुर व जालौन में 20 फरवरी को तीसरे चरण में मतदान होना है। चौथे चरण में बांदा जनपद की चारों सीटों पर 23 फरवरी को वोट पड़ेंगे। पांचवें चरण में चित्रकूट जनपद में 27 फरवरी को मतदान होना है। इसके मद्देनजर प्रमुख दलों के स्टार प्रचारक नेताओं ने अपनी एंट्री इन क्षेत्रों में शुरू कर दी।
इनमें सत्तारूढ़ दल भाजपा के नेता फिलहाल आगे हैं। प्रदेश के दोनों डिप्टी सीएम मंडल में जनसभाएं कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी 12 फरवरी को हमीरपुर व राठ और 13 को चरखारी व महोबा तथा 14 फरवरी को बांदा के तिंदवारी व नरैनी विधान सभा क्षेत्रों में भाजपा की अलख जगाएंगी।
15 फरवरी को वह चित्रकूट पहुंचेंगी। उधर, कांग्रेस के स्टार प्रचारक और पूर्व काबीना मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी कांग्रेस प्रत्याशियों के लिए माहौल बनाने को 13 फरवरी को महोबा पहुंचेंगे। महोबा नगर सहित पनवाड़ी में चुनावी सभाएं संबोधित करेंगे।
14 फरवरी को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह बघेल बांदा आएंगे। श्री सिद्दीकी उनके साथ चुनावी सभाओं में शामिल रहेंगे। 15 व 16 फरवरी को श्री सिद्दीकी बांदा के तिंदवारी विधान सभा क्षेत्र के कई गांवों में जनसंपर्क करेंगे।