बांदा। पेड़ की डाल टूटकर गिरने से बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा पुत्र और बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। छह दिन पूर्व मृतक महिला के पुत्र की भी मौत हो चुकी है।
बबेरू कोतवाली क्षेत्र के गौरी खानपुर गांव निवासी संतोष की पत्नी मुन्नी देवी (45) अपने पुत्र अंकित के साथ बृहस्पतिवार को दोपहर अतर्रा इलाज कराने जा रही थी। साथ में बहन श्यामकली भी बाइक में सवार थी।
बबेरू कोतवाली क्षेत्र में सया गांव के पास महुआ के पेड़ की डाल टूटकर चलती बाइक में गिर गई। तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने 108 एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डाक्टर ने मुन्नी देवी को मृत घोषित कर दिया। परिजन बिना पोस्टमार्टम के शव घर ले गए।
परिजनों ने बताया कि छह दिन पूर्व मुन्नी देवी के 22 वर्षीय पुत्र राहुल की भी मौत हो चुकी है। बेटे की मौत के बाद से मुन्नी तनाव में थी। इसी वजह से उसे इलाज के लिए अतर्रा ले जा रहे थे। छह दिनों में दो मौतों से परिवार में कोहराम है।
सर्पदंश से युवक की मौत
बांदा। कोतवाली नगर क्षेत्र के गंछा गांव में बुधवार की रात भउवा पाल के बेटा रामशरन उर्फ सेवाराम (25) लघुशंका को गया था। तभी उसे पैर में सर्प ने डस लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन जिला अस्पताल ले गए। यहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इसके पूर्व उसकी झाड़फूंक भी कराई गई। मृतक मजदूरी करता था।
जहरीला पदार्थ खाने से डाक्टर की मौत
बांदा/खुरहंड। संदिग्ध हालात में प्राइवेट चिकित्सक की मौत हो गई। पुलिस और परिजन जहरीला पदार्थ खाने से मौत बता रहे हैं। घटना की वजह दंपती के बीच विवाद बताया गया है।
हालांकि, जमीन को लेकर पिता-पुत्र में भी विवाद की चर्चा रही। खुरहंड (गिरवां) गांव निवासी महादेव सिंह का बेटा डा. अमर पाल सिंह (45) निजी चिकित्सक थे और मूलरूप से कोतवाली देहात क्षेत्र के जारी गांव के रहने वाले थे। बुधवार की शाम जारी गांव में जहरीला पदार्थ खाने से उनकी हालत बिगड़ गई।
परिजन जिला अस्पताल ले गए, जहां मृत घोषित कर दिया। पत्नी डा. कौशिल्या शव घर ले गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। मृतक के भाई कमल ने बताया कि किसी बात को लेकर दंपती के बीच विवाद हो गया था। इसी से क्षुब्ध होकर जहरीला पदार्थ खा लिया।
दो माह पहले भी डा. अमर पाल सिंह ने नींद की गोलियां निगल ली थीं। दो दिन पूर्व उन्होंने अपनी तीनों पुत्रियों को फोन करके कहा था कि वह दो दिन के मेहमान हैं, लेकिन पुत्रियों ने उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया। तीनों पुत्रियों की शादी हो चुकी है। मृतक और उसकी पत्नी बीएमएस डाक्टर बताए गए हैं।