अतर्रा (बांदा)। हिंदू इंटर कॉलेज के प्रवक्ता (शिक्षक) के मकान से चोर करीब 20 लाख रुपये के आभूषण और नकदी चुरा ले गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी है। इसके अलावा चोरों ने मकान के करीब ही राम दरबार मंदिर में भी रखी दानपेटी से भी रुपये पार कर दिए। कोतवाली क्षेत्र के बांदा रोड स्थित टीचर्स कॉलोनी निवासी हिंदू इंटर कॉलेज के प्रवक्ता रामचंद्र ने कोतवाली में दी तहरीर दी। बताया कि भतीजे संतोष की तेरहवीं में शामिल होने के लिए मकान में ताला बंदकर पूरे परिवार के साथ 17 अगस्त को पैतृक गांव नौहाई गए थे। शनिवार की रात चोरों ने घर के मेन गेट का ताला तोड़कर घर में घुस गए।
अलमारी व बक्से में रखे सोने,चांदी के जेवर समेत 60 हजार रुपये उठा ले गए। रविवार की सुबह जब आसपास के लोगों ने मकान की कुंडी टूटी देखी तो गृहस्वामी को फोन द्वारा घटना की जानकारी दी। प्रवक्ता ने सोने-चांदी के आभूषणों की कीमत लगभग 19 लाख रुपये बताई है। सूचना पर सीओ गवेंद्र पाल गौतम, कोतवाली प्रभारी कुलदीप तिवारी, कस्बा इंचार्ज कृष्णदेव त्रिपाठी आदि ने जांच पड़ताल की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली। फुटेज में तीन-चार संदिग्ध युवक गली में घूमते दिख रहे हैं। कोतवाली प्रभारी कुलदीप तिवारी ने जल्द की चोरी का खुलासा किया जाएगा।
उधर, चोरों ने प्रवक्ता के घर के पास में स्थित राम दरबार मंदिर में रखी हुई दान पेटी के पांच हजार रुपये भी चोरी कर ले गए हैं।