बांदा। जमीन के लिए वृद्ध पिता की लाठियों से पीटकर हत्या करने वाले पुत्र, उसकी पत्नी और दो पुत्रों सहित पांच नामजद आरोपी 24 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ नहीं लगे। पुलिस की दो टीमें गिरफ्तारी के लिए लगाई गई हैं। उधर, मृतक की पत्नी का पुलिस ने दूसरे दिन डाक्टरी परीक्षण कराया। वह भी बीचबचाव में चुटहिल हो गई थी।
कोतवाली नगर क्षेत्र के बक्छा गांव में 8 बीघा जमीन के लिए धनपत यादव (70) की लाठियों से पीटकर हत्या करने के आरोपी देवराज, उसकी पत्नी विद्या और दो पुत्र देवांश व हृदयांश तथा एक अन्य व्यक्ति भगवानदीन शुक्रवार को भी पुलिस के हाथ नहीं लगे। प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा ने बताया कि उनके नेतृत्व में पुलिस की दो टीमें हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगाई गई हैं। कई स्थानों में दबिशें भी दी गईं। उधर, फरार हत्यारोपियों के खुले पड़े सूने घर में दो सशस्त्रत्त् पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं।
दूसरी तरफ हमले में घायल हत्यारोपी की मां व धनपत की पत्नी राजकुमारी (60) और पोती रागिनी (16) पुत्री रामराज का पुलिस ने शुक्रवार को जिला अस्पताल में मेडिकल कराया। रागिनी ने बताया कि बड़े पापा (देवराज) ने जब मारपीट शुरू की तो उसे (रागिनी को) घर के अन्य लोगों ने कमरे में बंद कर दिया था, जिससे देवराज और उसके पुत्र उस पर जानलेवा हमला न कर सकें।