बांदा। बाइक पर लिफ्ट लेना महंगा पड़ गया। बाइक सवार दोनों युवकों ने चाकू मारकर घायल करने के बाद 15 हजार रुपये लूट लिए और बाइक से गिराकर फरार हो गए। लूट का शिकार हुए व्यक्ति ने शहर कोतवाली में तहरीर दी है।
सीमावर्ती मध्य प्रदेश के गौरिहार (छतरपुर) निवासी रामभजन गुप्ता ने तहरीर में कहा है कि सोमवार को दोपहर 2 बजे एलआईसी गेट के पास बाइक पर सवार दो लोग आए और उसके पैर छूकर कहा कि वह उनका परिचित है। उन्होंने चाय पिलाई और अपनी बाइक से छोडने को कहा। वह बाइक पर बैठ गया। कुछ देर कई सड़कों में घुमाने के बाद बाइक में बैठे एक बाइक सवार ने उसकी जेब को चाकू से फाड़कर 15 हजार रुपये निकाल लिए। विरोध करने पर हाथ में चाकू मारकर घायल कर दिया। अपने दांत से उसकी हथेली में घाव कर दिया। लामा गांव के पास धक्का देकर उसे बाइक से गिरा दिया और भाग गए। दोनों लुटेरे पैंट-शर्ट पहने युवा थे। उधर, कोतवाली प्रभारी राजेंद्र सिंह राजावत का कहना है कि घटना संदिग्ध है। तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।