अवैध खनन की शिकायत संबंधी सांसद के पत्र पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सांसद को भेजा गया पत्र।
- फोटो : amarujala
अवैध खनन का मामला प्रधानमंत्री तक पहुंच गया है। सांसद भैरौं प्रसाद मिश्र ने कई माह पूर्व जिलाधिकारी आदि को पत्र भेजा था, पर अवैध खनन नहीं थमा। इस पर सांसद ने प्रधानमंत्री को पत्र भेजकर अवैध खनन की शिकायत की। सांसद ने पत्र में कहा है कि उनके संसदीय क्षेत्र में काफी समय से अवैध खनन हो रहा है। अधिकारियों से शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।
रोजाना लगभग 5000 ट्रक बालू नरैनी, करतल, गिरवां (बांदा जनपद) से निकाली जा रही है। गुंडा टैक्स भी वसूला जा रहा है। लगभग तीन करोड़ रुपये रोजाना की वसूली हो रही है। सांसद ने दोटूक शब्दों में लिखा है कि इस वसूली का एक हिस्सा प्रदेश की सपा सरकार को जाता रहा है। नदियों की सूरत बिगड़ गई है। जमीन बंजर हो रही है।
सांसद ने प्रधानमंत्री से इस पर रोक लगाने का अनुरोध किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सांसद श्री मिश्र को 9 मार्च को भेजे अपने पत्र में कहा है कि बालू के कथित अवैध खनन संबंधी उनका पत्र प्राप्त हो गया है। प्रधानमंत्री ने अपने पत्र में कार्रवाई संबंधी और कोई बात नहीं लिखी।