नरैनी (बांदा)। चाचा के लिए गुटखा लेने किराना दुकान गई पांच वर्षीय बालिका संग दुकानदार के 12 वर्षीय बेटे ने बृहस्पतिवार को दुष्कर्म किया। घर पहुंची बालिका ने परिजनों को जानकारी दी तो हड़कंप मच गया।
बालिका के पिता ने आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान भी दर्ज कराए गए हैं। पुलिस ने बालिका का सीएचसी में मेडिकल परीक्षण कराया है। आरोपी बालक फरार है।
कालिंजर थाना क्षेत्र के एक गांव में बृहस्पतिवार की शाम करीब सात बजे पांच साल की बालिका चाचा के कहने पर नजदीक में स्थित किराना दुकान गुटखा खरीदने गई थी। दुकान में बैठा दुकानदार का 12 साल का बेटा उसे जबरन दुकान के अंदर ले गया और दुष्कर्म किया।
घटना के समय दुकान में कोई नहीं था। कुछ देर बाद घर लौटी बालिका ने रो-रोकर परिजनों को पूरी बात बताई। पिता पीड़िता को लेकर कालिंजर थाना पहुंचा। यहां कंप्यूटर खराब होने से रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी तो उसे नरैनी कोतवाली भेज दिया गया।
कोतवाली पुलिस ने किराना दुकानदार के आरोपी पुत्र के खिलाफ दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर सीएचसी में बालिका का इलाज और डाक्टरी परीक्षण कराया। मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान भी कराए गए। कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। उधर, कालिंजर थानाध्यक्ष ने बताया कि शीघ्र आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।