नरैनी। अन्ना मवेशियों को पंचायत भवन में कैद कर चुनाव बहिष्कार की चेतावनी के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। गांव में गौशाला का निर्माण शुरू कर दिया गया है।
महुआ ब्लाक के रिसौरा में फसलों को बर्बाद कर रहे आधा सैकड़ा से अधिक अन्ना पशुओं को किसानों ने रविवार को पंचायत भवन में बंद कर दिया था। दीवार पर विधानसभा चुनाव बहिष्कार की चेतावनी लिख दी थी। इसकी जानकारी होते ही खंड विकास अधिकारी संजीव बघेल, तहसीलदार ने मौके पर पहुंच कर सचिव अनिरुद्ध सिंह पटेल को अस्थायी गोशाला निर्माण के निर्देश दिए थे।
सोमवार को सचिव ने दुर्गेश तिवारी की निजी भूमि पर अस्थायी गौशाला निर्माण की शुरूआत करा दी है। सचिव ने बताया कि मंगलवार को पंचायत भवन में बंद पशुओं को अस्थायी गोशाला में शिफ्ट किया जाएगा। उधर, लेखपाल ने बताया कि हरदौल तालाब के पास ग्राम समाज की डेढ़ बीघा जमीन पड़ी है। पैमाइश कर जल्द उसे गोशाला के लिए दे दी जाएगी। (संवाद)