बांदा। चित्रकूटधाम मंडल में तीसरी लहर का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। चारों जनपदों में रोजाना कोरोना संक्रमित मरीज मिलने का सिलसिला जारी है। गुरुवार को संक्रमितों के आंकड़े ने बड़ी छलांग लगाई। चारों जनपदों में 52 नए संक्रमित पाए गए। इनमें सबसे ज्यादा 26 संक्रमित बांदा जनपद में हैं। बांदा शहर के 20 संक्रमित हैं। 10 महिलाएं हैं। ज्यादातर युवा उम्र के हैं।
पिछले एक सप्ताह से शुरू हुई तीसरी लहर के मरीजों में अब तक बांदा में 65, चित्रकूट में 44, हमीरपुर में 36 और महोबा में 19 संक्रमित हो चुके हैं। गुरुवार को बांदा में 26, चित्रकूट में 15, महोबा में 8 और हमीरपुर में 3 संक्रमित पाए गए। मंडल में अब संक्रमितों की संख्या बढ़कर 164 हो गई है।
संक्रमित होने वालों में 15 वर्षीय किशोर से लेकर 50 वर्षीय वृद्ध तक शामिल हैं। अधिकांश संख्या युवा उम्र वालों की है। ज्यादातर की जांच रिपोर्ट आरटीपीसीआर में पॉजिटिव आई हैं। गुुरुवार को जनपद में 2416 लोगों के नमूने लेकर जांच को भेजे गए।
बांदा में नए संक्रमितों का ब्योरा:
जरैली कोठी, रेलवे कालोनी में 2-2, राजकीय मेडिकल कालेज में 5, आजाद नगर, सिविल लाइन, बस स्टैंड, जवाहर नगर, डीसीडीएफ, कालूकुआं, ज्योति नगर, इंदिरा नगर में एक-एक पॉजिटिव मिला।
- ग्रामीण क्षेत्र : अतरहट, तिंदवारी, नरैनी, अमरइया, रीगा, बहेरी, बंथरी में एक-एक संक्रमित।
13 लाख से ज्यादा लोगों की हो चुकी जांच
बांदा। जनपद में अब तक 13 लाख 6 हजार 760 लोगों के नमूने लेकर जांच कराई जा चुकी है। यह सब 18 वर्ष से अधिक उम्र के हैं। पहली डोज लेने वालों की संख्या 12 लाख 14 हजार 284 और दूसरी डोज लेने वालों की तादाद 7 लाख 10 हजार 945 है। सीएमओ डा.अनिल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि 15 से 18 वर्ष के किशोरों में अब तक 33 हजार 954 को पहली डोज दी जा चुकी है। जबक ि लक्ष्य 1,26,203 है। इनके अलावा 255 हेल्थ केयर वर्कर, तीन फ्रंट लाइन वर्कर और 60 वर्ष से अधिक उम्र वाले 203 लोगों को बूस्टर डोज दिया जा चुका है।