बांदा। पुलिस पर फायर करके भाग रहे बाइक सवार 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को सोमवार की देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की गोली दाएं पैर में लगने से बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसके पास से बिना नंबर की एक बाइक और तमंचा बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक, बदमाश के विरुद्ध लूट और हमले आदि के कुल आठ केस दर्ज हैं। मंगलवार को जेल भेज दिया गया है।
सोमवार की देर रात करीब साढ़े 10 बजे चिल्ला थाना क्षेत्र में पपरेंदा गांव के मोड़ के पास एसओजी और चिल्ला थाना पुलिस वाहनों और संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी।
इसी बीच पैलानी की तरफ से बांदा आ रहे एक बाइक सवार को पुलिस ने रोकने की कोशिश की, लेकिन पुलिस को देखकर बाइक सवार तिंदवारी की तरफ भागने लगा। एसओजी और पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर तमंचे से फायर कर दिया।
पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिससे बदमाश के दाएं पैर में घुटने के नीचे गोली लगी। वह घायल होकर गिर गया। उसे गिरफ्तार कर लिया और घायल अवस्था में जिला अस्पताल ट्रॉमा सेंटर ले जाकर इलाज कराया।
उसकी पहचान शहर के नोनिया मोहाल निवासी कमलेश कुमार के पुत्र विकास हजारिया के रूप में हुई। घटनास्थल से पुलिस ने एक तमंचा, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की बाइक व मोबाइल बरामद किया है।
मंगलवार को उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने बताया कि घायल विकास हजारिया शातिर बदमाश है। उस पर 50 रुपये का इनाम घोषित है। उसके विरुद्ध प्रतापगढ़ समेत बांदा कोतवाली नगर व चिल्ला थाना में लूट, हमला, आर्म्स एक्ट आदि के आठ केस दर्ज हैं।
टीम में एसओजी प्रभारी मयंक चंदेल व चिल्ला थानाध्यक्ष नरेंद्र प्रताप सिंह, पपरेंदा चौकी प्रभारी धर्मेंद्र सिंह आदि शामिल रहे।
10 दिन में तीसरी मुठभेड़, सभी के पैर में लगी गोली
पुलिस की दस दिनों में यह तीसरी मुठभेड़ है। खास बात यह है कि गिरफ्तार किए गए सभी इनामी बदमाशों के पैर में गोली लगी। पहली मुठभेड़ 4 सितंबर को सुबह कृषि विश्वविद्यालय के पास हुई थी।
इसमें एसओजी और पुलिस ने पैर में गोली मारकर हिस्ट्रीशीटर और 25 हजार रुपये के इनामी नोनिया मोहाल निवासी अमित उर्फ अंतू सोनी को गिरफ्तार किया था। इसके दो दिन बाद दूसरी मुठभेड़ नरैनी कोतवाली क्षेत्र के पिपरहरी गांव के नजदीक हुई थी और एसओजी व पुलिस ने 25 हजार के इनामी मर्दननाका निवासी बदमाश राशिद को पैर में गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया था।
दोनों के पास से पिस्टल बरामद हुई थी। दोनों आरोपी आठ अगस्त को शहर के कालूकुआं निवासी फौजी के घर हुई चोरी के आरोपी थी। तीसरी मुठभेड़ सोमवार की रात को पपरेंदा गांव मोड़ के पास हुई। सभी बदमाशों के पैर में गोली मारकर पुलिस ने पकड़ा है।