बलरामपुर के कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करते सपाई।
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। बजाज चीनी मिल की ओर से किसानों का 113 करोड़ रुपये गन्ना मूल्य का भुगतान न करने पर सपा कार्यकर्ताओं ने आक्रोश जताया है। कलेक्ट्रेट में मंगलवार को विरोध प्रदर्शन करते हुए सपा कार्यकर्ताओं ने चीनी मिल प्रशासन व भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम सदर को सौंपकर शीघ्र बकाया गन्ना मूल्य भुगतान किए जाने की मांग की गई।
मंगलवार को पूर्व मंत्री डॉ. एसपी यादव, पूर्व विधायक अनवर महमूद, पूर्व विधायक जगराम पासवान, पूर्व विधायक अब्दुल मसहूद खां व निवर्तमान जिलाध्यक्ष राम निवास मौर्य के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता बोले, मिल किसानों का गन्ना मूल्य बकाया ही करती है। इस साल भी 113 करोड़ रुपए चीनी मिल दबाए बैठी है। भाजपा सरकार किसानों को बकाया गन्ना मूल्य भुगतान दिलाने के बजाए चीनी मिलों का ही पक्ष लेती है। सरकार के ढुलमुल रवैये के कारण किसानों को अपनी उपज का मूल्य सही समय पर नहीं मिल पाता है। आश्वासन के बावजूद किसानों का गन्ना मूल्य का भुगतान नहीं मिल पाया है।
सपा नेताओं ने प्रदर्शन के बाद सदर एसडीएम एके गौड़ को राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन भी सौंपा। इस मौके पर सपा नेता शत्रोहन प्रसाद वर्मा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गुरदास सरोज, पूर्व जिला महासचिव इकबाल जावेद फ्लावर, पूर्व ब्लाक प्रमुख शफीक अहमद, ओंकार पटेल, राकेश यादव, यज्ञदेव वर्मा, अंकित सूर्यवंशी, टोप सिंह व राजेंद्र चौधरी आदि मौजूद रहे।