बलरामपुर। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत महिला स्वयं सहायता समूह को प्रेरणा कैंटीन संचालित करने की सौगात दी गई है। सदर ब्लॉक के शेखरपुर गांव की त्रिवेणी महिला आजीविका स्वयं सहायता समूह की सदस्य मंजू गुप्ता को विकास भवन परिसर में प्रेरणा कैंटीन संचालित करने की अनुमति दी गई है। सीडीओ अमनदीप डुली ने शुक्रवार को प्ररेणा कैंटीन का उद्घाटन किया।
सीडीओ ने कहा कि जिले भर में महिला स्वयं सहायता समूहों को आगे बढ़ाने में सभी लोग मिलकर सहयोग करें जिससे महिलाओं के जीवन स्तर को बहतर बनाया जा सके। विकास भवन में होने वाली बैठकों व अन्य कार्यक्रमों में प्रेरणा कैंटीन से सामानों की खरीदारी की जाएगी। उपायुक्त स्वत: रोजगार सूबदार सिंह यादव ने कहा कि जिले में अब तक राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के स्वयं सहायता समूहों की तरफ से सात प्रेरणा कैंटीन का संचालन शुरु करा दिया गया है।
प्रेरणा कैंटीन का संचालन होने से स्वयं सहायता महिला समूहों के सदस्यों को आमदनी करने में काफी मदद मिल रही है। प्रेरणा कैंटीन के उद्घाटन के समय डीडीओ गिरीश कुमार पाठक, पीडी अनिल कुमार सिंह, डीसी मनरेगा महेंद्र देव पांडेय, डीपीआरओ नरेश चंद व जिला मिशन प्रबंधक बिनोद तिवारी सहित सभी विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।