बलरामपुर। बिजली गिरने से सोमवार शाम मां-बेटी झुलस गईं। निजी अस्पताल में दोनों का चल रहा है। वहीं, महराजगंज तराई, ललिया व हरैया सतघरवा क्षेत्र में बारिश व ओलावृष्टि से आम की फसल को व्यापक नुकसान हुआ है।
महराजगंज तराई थाना क्षेत्र के ग्राम उदईपुर बदलपुर की रहने वाली अनवरी (45) व उनकी बेटी तैयबा (18) सोमवार शाम घर के बगल में खेत में काम कर रही थीं। तभी अचानक बिजली गिर गई। इसकी चपेट में आने से दोनों झुलस गईं। अनवरी व तैयबा को परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
महराजगंज तराई, ललिया व हरैया सतघरवा क्षेत्र के सकरी व खैरहनिया आदि गांव में सोमवार शाम अचानक बादल घिर आए। बारिश के बीच ओलावृष्टि भी होने लगी। इसके चलते आम की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है। हालांकि बारिश होने से कई दिन से हो रही भीषण गर्मी से लोगों को निजात मिल गई है। तापमान में भी गिरावट देखने को मिली है। बारिश के चलते गन्ने की फसल को फायदा पहुंचा है।