बलरामपुर। रेहरा बाजार थाना क्षेत्र के केराडीह पोखरा के पास रविवार देर रात दो बदमाशों ने स्टेशनरी दुकानदार को गोली मारकर मोबाइल व दो हजार रुपये लूट लिये। घायल दुकानदार खुद ही बाइक से पीएचसी रेहरा बाजार पहुंचा। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार कर उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
रेहरा बाजार पुरानी बाजार निवासी विजय गुप्ता की कस्बे में स्टेशनरी की दुकान है। रविवार रात वह गोंडा के धानेपुर से कॉपी-किताबें लेकर बाइक से घर लौट रहे थे। तभी रेहरा बाजार मार्ग पर केराडीह गांव में पोखरे के पास मास्क लगाए दो बदमाश बाइक से आए और विजय को रोक लिया। एक बदमाश ने विजय पर फायर कर दिया। इससे दाहिने हाथ को छीलते हुए गोली निकल गई।
विजय से मोबाइल फोन व 2090 रुपये लूटकर दोनों बदमाश भाग गये। विजय खुद ही बाइक चलाकर दो किलोमीटर दूर स्थित पीएचसी रेहरा बाजार पहुंचे और वहां अपना इलाज कराया। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सुजीत पांडेय ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद विजय को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। प्रभारी निरीक्षक रेहरा बाजार थाना जयदीप दुबे ने बताया कि पीएचसी व घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।