बलरामपुर। नगर के वार्ड नंबर एक भगवतीगंज दक्षिणी में मंगलवार को आपकी नगर पालिका आपके द्वार कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में पालिकाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू के सामने वार्डवासियों ने बिजली, पानी और सड़क की बदहाली दूर कराने की मांग की। नगर पालिका अध्यक्ष ने वार्ड में साफ-सफाई बनाए रखने के लिए 250 लोगों को डस्टबिन वितरित किया।
भगवतीगंज दक्षिणी वार्ड में नगर पालिका अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू ने आपकी नगर पालिका आपके द्वार कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए लोगों की समस्याएं सुनी। वार्डवासी अमन अग्रवाल ने गौशाला रोड पर विवेकानंद स्कूल के सामने कूड़ा डंप किए जाने की शिकायत की। अध्यक्ष ने सफाई प्रभारी को तुरंत कूड़ा उठवाने का निर्देश दिया। अमित अग्रवाल ने वार्ड में पाइप क्षतिग्रस्त होने के कारण गंदा पानी आने की शिकायत की। रत्नेश प्रताप सिंह ने डॉ. वर्मा के घर के बगल से अपने मकान तक की सड़क क्षतिग्रस्त होने की बात कही। रमेश पांडेय ने चरनजीत पांडेय के बगल वाली गली में इंटरलॉकिंग कराए जाने की मांग की। रोशन ने जानकी के घर से शिव कुमार के घर तक सड़क निर्माण कराए जाने की मांग उठाई। अशोक कुमार ने अपने घर से कब्रिस्तान तक सड़क बनवाए जाने की मांग की। कार्यक्रम में अध्यक्ष प्रतिनिधि डीपी सिंह, शुभेंद्र गौरव मिश्र, सभासद प्रतिनिधि संजय मिश्र, संजय मणि तिवारी, लक्ष्मीकांत मिश्र, पीयूष गोयल, सुरेंद्र मिश्र, नान बच्चा व अनन्य गौरव मिश्र सहित तमाम लोग मौजूद रहे।