बलरामपुर-रामनुजगंज के बलरामपुर विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पथरी के युवक का मां के द्वारा खाना देने में देरी होने पर गुस्सा इतना बढ़ गया कि स्टील की थाली खाने के साथ मां की कनपटी पर दे मारी। जिससे महिला बेहोश हो गई। महिला के बेहोश होने के बाद भी युवक मां पर चिल्लाता रहा, जिसके बाद पड़ोस में रह रहा उसका बड़ा भाई आया और उसे अपने घर ले गया। महिला पूरी रात दर्द से तड़पती रही, सुबह उसकी मौत हो गई। बड़े भाई की रिपोर्ट पर छोटे भाई के विरुद्ध बलरामपुर कोतवाली थाने में भारतीय न्याय विधान की धारा 103(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर युवक को गिरफ्तार कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पथरी की अग्नेशिय कुजूर अपने बेटे अनूप कुजूर के साथ खेत में धान बोने गई थी। रात में जब दोनों थक हार कर आए तो खाने को दाल-भात घर में था। इसके बाद बेटे अनूप कुजूर ने सब्जी मांगी। साथ ही मां से कहने लगा कि अच्छा-अच्छा खाना बनाया करो, जिस पर वह बोली कि अच्छा-अच्छा खाना कहां से बनाकर खिलाऊंगी। इसके अलावा उसे अनूप को खाना देने में भी कुछ देर हो गई, जिस पर वह मां पर चिल्लाने लगा और जान से मार देने की बात कहते हुए खाने से भरी थाली को उठाकर उसकी कनपटी पर दे मारी, जिससे महिला बेहोश हो गईं। इसके बाद भी वह मां पर चिल्लाता रहा। घर के बगल में ही महिला का बड़ा बेटा संतोष कुजूर रहता है, वह तत्काल वहां पहुंचा। जब उसने मां पर पानी का छीटा मारा तो मां होश में आई और पूरी बात बताई। इसके बाद महिला रात भर दर्द से तड़पती रही। सुबह उसकी मृत्यु हो गई। इसके बाद बड़े भाई ने छोटे भाई के विरुद्ध कोतवाली बलरामपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई। इस संबंध में सब इंस्पेक्टर किनेश्वर प्रताप सिंह ने बताया कि अपराध पंजीबद्ध कर युवक को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज दिया गया है।