बलरामपुर। जिस थाना क्षेत्र में अपराध बढ़ेगा, वहां के प्रभारी निरीक्षक जिम्मेदार होंगे। अपराधियों पर शिकंजा कसने में कोई कोताही न बरतें। शासन व पुलिस महानिदेशक द्वारा जारी दिशा-निर्देेशों का पूरी तरह से अनुपालन सुनिश्चित कराएं।
अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करें। भू-माफियाओं को चिह्नित कर जमीनाें को अवैध कब्जों को मुक्त कराएं। यातायात व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर भी कार्रवाई की जाएगी। ये बातें एसपी राजेश कुमार सक्सेना ने रविवार को पुलिस लाइन सभागार के अपराध गोष्ठी की बैठक में सीओ व प्रभारी निरीक्षकों को निर्देश देते हुए कहीं।
कोतवाली व थानों के मालखाना रजिस्टर चेक करके लावारिस वाहनों का निस्तारण कराने और साफ-सफाई का सुझाव दिया। अवैध कच्ची शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन व बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण लगाने, चोरी, लूट व नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के साथ ही वारदातों का शीघ्र खुलासा करने का निर्देश दिया।
रात्रि गश्त बढ़ाने, बैंक व लेनदेन वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने, संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ करने आदि के बारे में सुझाव दिया गया। लंबित विवेचनाओं के निस्तारण, वांछित अभियुक्तों, इनामी, जिला बदर आदि के खिलाफ अभियान चलाकर गिरफ्तारी करने, गैंगस्टर एक्ट के अभियुक्तों के खिलाफ प्रभावी पैरवी करके संपत्ति जब्त करने, अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोलने, गैंग पंजीकरण करने, माफियाओं को चिह्नित कर अवैध कब्जों को ध्वस्त करने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त बनाने के निर्देेश दिए गये। चारों सर्किल के सीओ को लंबित मामलों का निस्तारण कराने के भी निर्देश दिए।