बलरामपुर। गैसड़ी विधान सभा क्षेत्र के लोगों के लिए मंगलवार का दिन बेहद खास रहा। मंगलवार को क्षेत्र में सरकार की तरफ से करीब 150 करोड़ की लागत से बनी सड़कों तथा पुलों का लोकार्पण व शिलान्यास किया गया। इससे नेपाल सीमा पर कोयलाबास बनने वाले अंतर्राष्ट्रीय प्रवेश द्वार का शिलान्यास भी शामिल है।
गैसड़ी ब्लाक परिसर में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय भाजपा विधायक शैलेश कुमार सिंह ने कहा कि नेपाल सीमा से सटे इस विधान सभा क्षेत्र में सड़कों तथा पुलों का भारी अभाव था। पूर्व की सरकारें तथा जनप्रतिनिधियों ने हमेशा इस क्षेत्र की उपेक्षा की।
गत विधान सभा चुनाव लड़ते समय इस क्षेत्र की जनता को इस कमी को पूरा करने का वादा किया था। शासन ने क्षेत्र में बीते दिनों करीब 150 करोड़ की सड़कें व पुल के लिए बजट की मंजूरी दी थी।
इनमें से तमाम सड़क व पुल बनकर तैयार हो गया तथा कुछ सड़कों व पुलों के साथ नेपाल राष्ट्र की सीमा पर कोयलाबास में बनने वाले अंतर्राष्ट्रीय प्रवेश द्वार का भी बजट मिल गया है। इन सभी का समारोहपूर्वक लोकार्पण व शिलान्यास किया गया है।
इन सड़कों व पुलों से क्षेत्र की करीब सात लाख की आबादी को सुगम आवागमन का सुख भी मिलेगा। इस अवसर पर गोविंद पांडेय, सरदार परमजीत सिंह पम्मी, ब्लाक प्रमुख जगदंबा ठाकुर, पप्पू मिश्रा, रामदीन वर्मा तथा अवर अभियंता सिद्घार्थ वर्मा, रवि यादव व राम नरेश गुप्ता समेत तमाम क्षेत्रवासी मौजूद रहे।