बलरामपुर। जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों के निस्तारण में लापरवाह अफसरों पर तत्काल गाज गिरा दी जाएगी। मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकता वाले जनसुनवाई पोर्टल के प्रकरणों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराने का निर्देश अफसरों को दिया गया है। आयुक्त देवीपाटन मंडल एसवीएस रंगाराव ने मामलों के समयबद्ध निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर कड़ी नाराजगी जताई।
डीएम श्रुति ने बुधवार को बताया कि आयुक्त देवीपाटन मंडल ने 17 सितंबर को जनसुवाई प्रणाली में दर्ज प्रकरणों की समीक्षा की थी। समीक्षा के दौरान समयबद्ध निस्तारण न किए जाने पर असंतोष व्यक्त किया गया।
मंडलायुक्त के निर्देश पर डीएम ने सभी विभागों के अधिकारियों को पत्र लिखकर नाराजगी जताई है। सभी विभागों के अफसरों को डीएम ने जनसुनवाई पोर्टल पर आने वाले प्रकरणों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारण कराने का निर्देश दिया है।
यदि भविष्य में जन सुनवाई पोर्टल के प्रकरणों के निस्तारण में हीला हवाली की जाएगी तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्रतिकूल प्रविष्टि दी जाएगी। डीएम ने सभी विभागों के अधिकारियों को प्रकरणों के निस्तारण की रिपोर्ट पोर्टल पर भी अपलोड कराने का निर्देश दिया है।