बलरामपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में आम जन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के उद्देश्य से रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। 24 स्वास्थ्य केन्द्रों पर आयोजित इस आरोग्य मेले में कुल 1808 मरीजों के सेहत की जांच की गई। इस दौरान लोगों को कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने का सुझाव भी दिया गया।
सीएमओ डा. सुशील कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री आरोग्य मेला प्रत्येक रविवार को आयोजित किया जाता है। जिले में मुख्यमंत्री आरोग्य मेला 24 स्वास्थ्य केन्द्रों पर आयोजित किया गया।
मेले में 763 पुरुष, 740 महिला तथा 305 बच्चों के साथ कुल 1808 लोगों के सेहत की जांच की गई। इनमें सर्दी, जुकाम व वायरल बुखार के अधिक मरीज पाए गए।
सभी लोगों को आवश्यक दवाएं प्रदान करते हुए साफ सफाई का ध्यान रखने, मच्छर से बचाव के लिए जलभराव से दूर रहने तथा कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने का सुझाव दिया गया। मेले में कुल 254 लोगों का आयुष्मान योजना के तहत गोल्डेन कार्ड भी बनाया गया। 481 लोगों की आरटीपीसीआर के माध्यम से कोविड जांच की गई है।