बलरामपुर। जिले में वायरल बुखार का प्रकोप नहीं थम रहा है। वायरल बुखार के मरीजों की संख्या पांच हजार से ऊपर पहुंच गई है। जिले के दो व्यक्तियों में डेंगू की पुष्टि हुई है। एक व्यक्ति पूरी तरह स्वस्थ हो चुका है।
दूूसरे का इलाज चल रहा है। सितंबर में मलेरिया का कोई मरीज नहीं मिला है। सभी अस्पतालों में पर्याप्त बेड व आवश्यक दवाएं उपलब्ध करा दी गई हैं। जिला अस्पतालों के सीएमएस एवं सभी सीएचसी के अधीक्षकों को वायरल व डेंगू के मरीजों की विशेष निगरानी और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।
प्रदेश में वायरल बुखार व डेंगू का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। मरीजों की बढ़ती हुई संख्या को देखते हुए शासन स्तर से सभी जिलो में ऐसे मरीजों की प्रतिदिन रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया गया है।
शासन के निर्देश पर बलरामपुर जिले में भी वायरल बुखार व डेंगू के मरीजों की रिपोर्ट तैयार की जा रही है। शुक्रवार को जिले में कुल 383 लोग वायरल बुखार से पीड़ित मिले हैं। इनमें 15 वर्ष से कम आयु वाले 126 तथा 15 वर्ष से अधिक आयु वाले 257 मरीज वायरल बुखार से संक्रमित पाए गए हैं।
जिले के दो व्यक्तियों में डेंगू की पुष्टि हुई है इनमें से एक व्यक्ति रेहरा बाजार और एक नगर क्षेत्र के मोहल्ला नईबस्ती का निवासी है। रेहरा बाजार का डेंगू संक्रमित व्यक्ति पूरी तरह स्वस्थ हो चुका है। दूसरे व्यक्ति का इलाज चल रहा है।