बलरामपुर। गर्भवती महिलाओं को सेहतमंद बनाने के लिए जिले में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना पखवाड़े का शुभारंभ गुरुवार को सीएमओ डॉ. घनश्याम सिंह ने किया।
संयुक्त जिला चिकित्सालय में सीएमओ ने पहली बार मां बनने वाली प्रसूताओं का फॉर्म भरवाकर जिले के 11 सरकारी अस्पतालों में एक साथ पखवाड़े का शुभारंभ किया।
सीएमओ ने कहा कि मातृ वंदना योजना पहली बार गर्भधारण करने वाली महिलाओं के लिए बेहद लाभकारी है। इस योजना के तहत प्रसूता को पांच हजार रुपये की धनराशि सेहत दुरुस्त रखने के लिए दी जाती है।
गर्भधारण के 150 दिन के अंदर पंजीकरण कराने पर एक हजार रुपये, 180 दिन के अंदर दूसरी किश्त दो हजार रुपये तथा प्रसव के बाद तीसरी किश्त के रूप में दो हजार रुपये दिए जा रहे हैं।
पहली बार मां बनने वाली पात्र प्रसूता अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या गांव की आशा व एएनएम से पंजीकरण करा सकती हैं। पीएमएमवीवाई के जिला कार्यक्रम समन्वयक विनोद त्रिपाठी ने कहा कि 20 जून से पांच जुलाई तक पखवाड़ा चलाया जा रहा है।
गर्भवती महिलाओं को पंजीकरण कराने की पीएचसी जोकहिया, सीएचसी तुलसीपुर, उतरौला, पचपेड़वा, शिवपुरा, श्रीदत्तगंज, गेड़ास बुजुर्ग, गैसड़ी व नगर के पीएचसी तथा जिला महिला चिकित्सालय व संयुक्त जिला चिकित्सालय में सुविधा प्रदान की गई है।