पचपेड़वा (बलरामपुर)। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेते वक्त अखिलेश संविधान बचाने की नहीं बल्कि आतंकियों को बचाने की कसम खाते हैं। अखिलेश को आतंकियों, माफियाओं और उनके परिजनों से ज्यादा लगाव है। भाजपा ने प्रदेश में गुंडों का सफाया किया है। मुख्तार अंसारी, अतीक अहमद व आजम खान आज जेल में गिल्ली-डंडा खेल रहे हैं। दलितों, पिछड़ों, शोषितों के साथ-साथ भाजपा ने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को योजनाओं का लाभ दिलाने का काम किया है। हमने जो कहा था वह किया और जो कहेंगे वह जरूर करेंगे।
ये बातें रविवार को गैसड़ी विधान सभा क्षेत्र के पचपेड़वा बाजार स्थित लोक मान्य तिलक इंटर कालेज मैदान में भाजपा प्रत्याशी शैलेश कुमार सिंह शैलू के समर्थन में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कही। कहा कि यह वही सपा है जिसने अयोध्या में राम भक्तों पर गोली चलवाई थी। आज अखिलेश कह रहे हैं कि मैं भी हिंदू हूं, मैं भी मंदिर में घंटी बजाऊंगा। अब तो उनकी घंटी बज चुकी है। अब भव्य राम मंदिर बन रहा है। शरीयत में तीन तलाक का कानून पाकिस्तान, अफगानिस्तान, बांग्लादेश, ईरान, ईराक और सीरिया आदि मुस्लिम देशों में नहीं है। भारत में तुष्टीकरण की राजनीति करने वाली कांग्रेस तथा सपा चंद वोटों के लिए इसका समर्थन करती है। सुप्रीम कोर्ट ने मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक से मुक्त करने की बात कही थी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीन तलाक के खिलाफ कानून बनाकर उसे समाप्त किया।
कहा कि कांग्रेस व सपा देश में दो विधान का समर्थन करती हैं जबकि भाजपा ने आपके वोटों की ताकत से संसद में धारा 370 को धराशाई कर जम्मू-कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बना दिया। 10.5 करोड़ किसानों के खाते में किसान सम्मान निधि दी जा रही है। महिला सशक्तीकरण के तहत कोरोना काल में महिलाओं के जन-धन खाते में तीन माह तक 500-500 रुपये देने का काम केंद्र व प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने किया। उत्तर प्रदेश में बन रहे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे, बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे, गंगा एक्सप्रेस-वे और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस वे आदि एक्सप्रेस-वे ही नहीं बल्कि विकास की गंगा है। सरकार की सोच ईमानदार, काम दमदार और काम असरदार भी है। 11 करोड़ इज्जत घर बनाकर भाजपा सरकार ने महिलाओं का सम्मान बढ़ाया है। 3.80 करोड़ घरों में नल से शुद्ध जल देने का काम चल रहा है। केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना आज दुनिया की सबसे बड़ी योजना है। इस योजना के तहत देश के 50 करोड़ लोगों को हर साल पांच लाख रुपये के इलाज की सुविधा दी जा रही है। आर्थिक दृष्टिकोण से पहले यूपी सातवें नंबर पर था पांच साल में यूपी को योगी सरकार ने दूसरे नंबर पर ला दिया है।
उन्होंने कहा कि मैं यहां शैलेश कुमार सिंह को जिताने आया हूं। इनके जीतने से प्रदेश में योगी और केंद्र में नरेंद्र मोदी के हाथ मजबूत होंगे। जनसभा के दौरान भाजपा प्रत्याशी शैलू सिंह, जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह, मीडिया प्रभारी डीपी सिंह, एसएससी ग्रुप के चेयरमैन धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू, ब्लाक प्रमुख मनोज तिवारी व शक्ति सिंह, दयाराम प्रजापति, राम सरन गुप्ता व श्याम लाल जायसवाल आदि ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जनसभा में मौजूद लोगों से भाजपा के समर्थन की अपील की।
जेल में गिल्ली-डंडा खेल रहे माफिया
पहले आजम खां, मुख्तार अंसारी और अतीक अहमद आदि माफिया समाज में दनदनाते थे। अब ये तीनों लोग जेल में गिल्ली-डंडा खेल रहे हैं। आजम खां के कहने पर 26 अप्रैल 2012 को अखिलेश यादव ने तारिक कासमी तथा खालिद मुजाहिद्दीन जैसे आतंकवादियों का केस वापस लेकर यह साफ कर दिया था कि वह लोग आतंकवादियों के हितैषी हैं। अहमदाबाद बम कांड में बीते दिनों अदालत से मौत की सजा पाए आजमगढ़ निवासी आतंकी मो. सैफ का पिता नेता शादाब अहमद उर्फ मिस्टर अखिलेश का साथी है। अखिलेश कहते हैं कि मुझे पुलिस पर विश्वास नहीं है।
अखिलेश को करहल में सता रहा हार का डर
जनसभा के दौरान जेपी नड्डा ने चुटकी लेते हुए कहा कि अखिलेश को अपनी ही सीट करहल में हार का डर सता रहा है, इसीलिए बीते दिनों उन्होंने वहां पर अपने बूढ़े व बीमार पिता को चुनाव प्रचार में उतार दिया था। ऐसा लगता है कि अखिलेश प्रदेश में नहीं बल्कि करहल में चुनाव लड़ रहे हैं। पिछले तीन चरणों के चुनाव में यह तय हो गया है कि भाजपा प्रदेश में फिर प्रचंड बहुमत की सरकार बनाएगी। हमने संकल्प पत्र में जो वादा किया है सरकार बनने के बाद उसे हरहाल में पूरा करेंगे।