फोटो-9-बलरामपुर के प्राथमिक विद्यालय भैंसहवाडी में परीक्षा देते परीक्षार्थी।-संवाद
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। शत प्रतिशत उपस्थिति के साथ दूसरे दिन भी परिषदीय विद्यालयों में वार्षिक परीक्षा हुईं। बुधवार को कक्षा-एक से 8 तक के विद्यार्थियों ने हिंदी, गणित, विज्ञान, संस्कृत व उर्दू विषयों में परीक्षाएं दी। बेसिक शिक्षा विभाग के 1822 विद्यालयों में वार्षिक परीक्षाएं 26 मार्च तक चलेंगी। कक्षा-पांच की न्याय पंचायत व कक्षा-आठ की बीआरसी पर दूसरे विद्यालयों के शिक्षकों से उत्तर पुस्तिकाओं की जांच कराई जाएगी। सभी कक्षाओं के लिए वार्षिक परीक्षा का अंक निर्धारित किया गया है।
वार्षिक परीक्षा के दूसरे दिन कक्षा-7 व 8 के विद्यार्थियों ने प्रथम पाली में विज्ञान व दूसरे पाली में संस्कृत की परीक्षाएं दी। कक्षा 6 के प्रथम पाली में हिंदी व दूसरे में संस्कृत की परीक्षाएं हुई। इसी तरह कक्षा-2 व 3 में प्रथम पाली में गणित, कक्षा-4 व 5 में हिंदी की परीक्षाएं हुई। दूसरी पाली में कक्षा 3, 4 व 5 के विद्यार्थियों ने संस्कृति/उर्दू की परीक्षाएं दी। वार्षिक परीक्षा के प्रभारी/डीसी मोहित देव त्रिपाठी ने बताया कि कक्षा एक में केवल मौखिक परीक्षा हुई है। कक्षा 2 व 3 में लिखित/मौखिक परीक्षा का अधिभार 50-50 प्रतिशत है। कक्षा-4 व 5 में लिखित 70 प्रतिशत व मौखिक 30 प्रतिशत अंक रखा गया है।
कक्षा-छह से आठ तक की केवल लिखित परीक्षाएं ही कराई जा रही हैं। कक्षा-5 व 8 के अतिरिक्त अन्य कक्षाओं के उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन उसी विद्यालय के शिक्षकों की तरफ से किया जाएगा। कक्षा-5 की सभी उत्तर पुस्तिकाओं का 101 न्याय पंचायत संसाधन केंद्रों और कक्षा-8 की 10 ब्लॉक संसाधन केंद्रों पर दूसरे विद्यालयों के शिक्षकों से मूल्यांकन कराया जाएगा। बीएसए डॉ. रामचंद्र ने बताया कि सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को सुचिता पूर्ण ढंग से परीक्षाएं कराने के निर्देश दिए हैं। परीक्षार्थियों के अभिभावकों से अपील की गई है कि वह अपने बच्चे को वार्षिक परीक्षा में अवश्य शामिल कराएं।