बलरामपुर। युवा कल्याण विभाग की तरफ से ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों का हुनर परखने के लिए सोमवार को सदर ब्लाक के सिसई गांव के खेल मैदान में प्रतियोगिता कराई गई। होमगार्ड, सैनिक कल्याण, प्रांतीय रक्षक दल एवं नागरिक सुरक्षा राज्यमंत्री/सदर विधायक पल्टूराम व गैसड़ी विधायक शैलेश कुमार सिंह शैलू ने प्रतिभावान खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया।
फीता काटकर प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए राज्यमंत्री व विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में ऐसी प्रतिभाएं छिपी हैं जिनकी प्रतिभाओं को निखार करके राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग कराकर जिला, प्रदेश व देश का नाम रोशन किया जा सकता है।
युवा कल्याण विभाग ऐसी प्रतिभाओं की क्षमता को परखने के लिए खेलकूद के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों को करके उन्हें प्रोत्साहित कर रहा है। सदर ब्लाक के सिसई गांव के खेल मैदान में खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त करके राज्यमंत्री व विधायक ने प्रतियोगिता प्रारंभ कराई।
जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रदीप कुमार त्रिपाठी ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। सदर ब्लाक की क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी श्वेता सिंह ने बताया कि 100 मीटर दौड़ में बालिका वर्ग में एंजल वर्मा व बालक वर्ग में विंकल यादव ने बाजी मारी है।
200 मीटर दौड़ में बालिका वर्ग में कोमल शिल्पकार व बालक वर्ग में विंकल यादव विजयी रहे। 400 मीटर दौड़ में बालक वर्ग में संदीप कुमार यादव व 800 मीटर दौड़ में बालक वर्ग के प्रमोद कुमार यादव अव्वल रहे।
गोलाफेंक में बालक वर्ग में विनीत पांडेय, लंबी कूद में विंकल यादव और गोला फेंक में बालिका वर्ग से मालती, ऊंची कूद में बालक वर्ग में विकास व बालिका वर्ग में एंजल वर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
राज्यमंत्री व विधायक ने विजयी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र व मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। प्रतियोगिता के आयोजन में क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी शक्ति मिश्र, ज्ञान बाबू तिवारी, विकास सिंह, स्वाती सिंह, शाबान खातून, व्यायाम प्रशिक्षक दिनकर प्रताप सिंह व खेल प्रशिक्षक भावना त्रिवेदी आदि मौजूद रहे।