बलरामपुर। डीबीटी को लेकर जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ की तरफ से सोमवार को बीएसए दफ्तर में प्रदर्शन कर विरोध जताया गया। प्रदर्शन के बाद संघ के पदाधिकारियों की तरफ से महानिदेशक स्कूल शिक्षा को संबोधित ज्ञापन बीएसए को सौंपा गया।
धरने को संबोधित करते हुए पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष कमरुद्दीन अंसारी ने कहा कि डीबीटी के माध्यम से भेजी जाने वाली धनराशि के संबंध में शिक्षकों से डाटा फीडिंग कराने का दबाव बनाया जा रहा है जिसे लेकर शिक्षकों में भारी आक्रोश है।
बिना संसाधन व सुविधा से शिक्षकों से डाटा फीडिंग कैसे किया जाएगा यह समस्या शिक्षकों के समक्ष उत्पन्न हुई है। डाटा फीडिंग कार्य में शिक्षकों को लगाकर अनिवार्य शिक्षा अधिनियम का उल्लंघन किया जा रहा है।
यदि शिक्षकों से डाटा फीडिंग का कार्य कराने का दबाव बनाया गया तो आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। प्रदर्शन के बाद महानिदेशक को संबोधित ज्ञापन बीएसए को सौंपा गया और महानिदेशक से तत्काल समस्याओं का निराकरण कराने की मांग की गई।
शीघ्र समस्याएं निस्तरित न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गई। इस अवसर पर शिक्षक आफरीन, पंकज पांडेय, जाहिदा, विजयपाल, राजेश कुमार, आलोक कुमार सिंह, दुर्गेश कुमार, संगीता, आबिदा, अंकिता तिवारी, रंजना दूबे, नफिसा खातून, रिंकी, अनिल मिश्र व नीलमपाल आदि शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।