प्रसपा प्रमुख शिवपाल यादव ने कहा कि सरकार आने पर प्रत्येक परिवार के एक बेटे और बेटी को सरकारी नौकरी दी जाएगी। जिस परिवार को नौकरी न दे सके तो उसे पांच लाख रुपये बजट से दिए जाएंगे। सस्ती और 24 घंटे बिजली दी जाएगी। 300 यूनिट बिजली फ्री होगी। इंटर पास छात्र-छात्राओं को सर्टीफिकेट के साथ पांच लाख दिए जाएंगे।
सामाजिक परिवर्तन यात्रा पर निकले शिवपाल यादव शनिवार की शाम आजमगढ़ की सीमा में प्रवेश कर गए। जिले में प्रसपा मुखिया के पहुंचते ही जगह-जगह समर्थकों व कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। वो रेलवे स्टेशन क्षेत्र स्थित दामोदर कुंज में रात्रि विश्राम करेंगे। रविवार को अतरौलिया में जनसभा को संबोधित करेंगे।
शिवपाल यादव के सामाजिक परिवर्तन रथयात्रा के जिले की सीमा में पहुंचते ही सठियांव बाजार में कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों पर जम कर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सामाजिक परिवर्तन रथयात्रा सत्ता परिवर्तन व देश प्रदेश में भाईचारे की नीति पर चलने का संदेश देती है।
महंगाई, बेरोजगारी, कानून व्यवस्था, महिला उत्पीड़न से जनता अब उब चुकी है। आगामी विधानसभा चुनाव में जनता ऐसे लोगों को सत्ता से बेदखल करेगी और प्रदेश में बदलाव होगा। प्रसपा प्रदेश की अगली सरकार में अहम भूमिका में होगी।