हल्दी। थाना क्षेत्र के मुड़ाडीह ग्राम सभा के पुरवा गायघाट में एक युवक ने मंगलवार की रात अज्ञात कारणों से पंखे के हुक में फंदा लगाकर जान दे दी। परिजनों को जब जानकारी हुई तो कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुरवा गायघाट निवासी अनिल पांडेय (35) पुत्र प्रेमशंकर पांडेय दिल्ली में नौकरी करता था। दिल्ली से आने के बाद वह मंगलवार को अपने ससुराल रसड़ा गया था। वहां से लौटने के बाद उसने कमरे में लगे पंखे के हुुक में फंदा लगाकर जान दे दी। ग्रामीणों की मानें तो मृतक का किसी बात को लेकर पत्नी के साथ ससुराल में विवाद हो गया था। जिसके बाद उसने ऐसा कदम उठाया है। मृतक के पिता प्रेमशंकर पांडेय परिवार सहित दिल्ली में रहते हैं। मृतक के तीन बच्चे हैं। सूचना के बाद पत्नी भी ससुराल पहुंची और पुलिस को तहरीर दी। इस बाबत हल्दी थानाध्यक्ष आरएस नागर ने बताया कि मृतक की पत्नी ने तहरीर दी है जिसमें उसने अत्यधिक शराब सेवन का जिक्र किया है।