बलिया। कोरोना के प्रकोप में पिछले कुछ दिनों से कमी आई है। एक तरफ रोजाना लिए जा रहे सैंपलों में भी कमी हुई हैं, वहीं संक्रमितों की संख्या भी अब कम होने लगी है। इसके साथ ही लापरवाही कम होने का नाम नहीं ले रही है। ना कोई मास्क लगा रहा है और ना ही कोई सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर रहा है। बृहस्पतिवार को आई रिर्पोट में मात्र छह संक्रमित मरीज पाए गए है।
जिले में अब संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 1238 हो चुकी है। आज 52 लोग स्वस्थ हुए। वहीं अब तक कुल 1073 लोग उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं वर्तमान में एक्टिव केस की संख्या 154 है। बृहस्पतिवार को 1480 लोगों का सैंपल जांच के लिए भेजा गया। इसकी जानकारी देते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. नीरज कुमार पांडेय ने बताया कि जनपद में कोरोना की तीसरी लहर के रोकथाम के लिए व्यापक स्तर पर टीमें लगातार सैंपलिंग लेेने का काम कर रही है। वहीं टीकाकरण भी युद्ध स्तर किया जा रहा है।
325 केंद्रों पर किशोरों समेत कुल 14000 को लगे टीके
बलिया। जनपद में बृहस्पतिवार की शाम साढ़े पांच बजे तक 325 केंद्रों पर 15 से 18 आयु वर्ग के किशोरों समेत कुल 14000 लोगों को टीका लगाया गया। इसकी जानकारी देते हुए जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एके तिवारी ने बताया कि जिला अस्पताल, महिला अस्पताल, कलेक्ट्रेट सभागार, कॉलेज समेत सभी टीकाकरण केंद्रों पर बूस्टर, कोविड शील्ड तथा कोवैक्सीन लगाई गई। संवाद