सिकंदरपुर। इंकलाबी नौजवान सभा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के भाकपा (माले) के विधायक अमरजीत कुशवाहा ने कहा कि जो सरकार युवाओं को रोजगार न उपलब्ध करा पाए और पाए हुए रोजगार को भी छीन लें, उस सरकार की गद्दी को युवा छीन लें। अमरजीत सोमवार को सिकंदरपुर में इंकलाबी नौजवान सभा की ओर से आयोजित छात्र-युवा रोजगार अधिकार सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि देश की आजादी के बाद लोकतांत्रिक व्यवस्था को, नौजवानों के सपनों को मोदी योगी सरकार ने चूर-चूर कर दिया है। कहा कि मजदूर और किसान भारतीय अर्थव्यवस्था का पहिया है। मजदूर फैक्ट्री में पसीना बहाता है तो देश के लिए कुछ बनाता है। किसान जब खेतों में पसीना बहाता है तो वह देश के लिए अन्न उपजाता है। देश की सरकारी संस्थानों को मोदी सरकार अपने चहेते पूंजीपतियों के हाथों बेच रही है। डीजल-पेट्रोल के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी को उन्होंने प्राइवेट कंपनियों की देन बताया। कहा कि योगी सरकार फासीवाद का सबसे खतरनाक चेहरा है। युवाओं का आह्वान किया कि योगी-मोदी सरकार की वादाखिलाफी के खिलाफ संघर्ष को तैयार रहें। भाकपा (माले) केंद्रीय कमेटी के सदस्य श्रीराम चौधरी ने कहा कि रोजी रोजगार के साथ ही सामाजिक एवं राजनीतिक बदलाव के लिए नौजवानों को आगे आना चाहिए। लाल साहब, रामप्रकाश, नवनीत, कुंदन, अशोक राम, संदीप राजभर, इमरान खान, मुकेश कनौजिया, अमलेश चौहान आदि ने संबोधित किया। अध्यक्षता भागवत बिंद तथा संचालन राजू राजभर ने किया।