बलिया/घोघा/रतसर। नवरात्र, रामनवमी और रमजान के मद्देनजर सुरक्षा बलों ने रविवार को पैदल मार्च किया। नगर सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मार्च के दौरान लोगों से शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने की अपील। सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
एसपी की अगुवाई में पुलिस और एसएसबी के जवानों ने नगर के रेलवे स्टेशन रोड, शहीद पार्क, विसुनीपुर मस्जिद, चौक, गुदरी बाजार सहित अन्य क्षेत्रों का भ्रमण किया। जगह-जगह व्यापारियों, राहगीरों से वार्ताकर उनकी परेशानियों के बारे में पूछा। त्योहारों के दौरान माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की। उधर, बांसडीह नगर में कोतवाली प्रभारी राजीव कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस व एसएसबी के जवानों ने कस्बे के स्टेट बैंक रोड, बड़ी बाजार, गुदरी बाजार, इलाहाबाद बैंक रोड सहित अन्य क्षेत्रों का पैदल मार्च किया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि नवरात्र व रमजान के मद्देनजर सतर्कता बरती जा रही है। सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। मार्च के दौरान पुलिस ने कई संदिग्ध वाहनों की भी चेकिंग की। इस मौके पर एसएसआई रामशंकर, चंदन कुमार आदि शामिल रहे। रतसर में रविवार को थाना प्रभारी गड़वार श्रीधर पांडेय और चौकी प्रभारी गिरिजेश सिंह के नेतृत्व में एसएसबी के जवानों ने कस्बा क्षेत्र में रूट मार्च किया।