बलिया। नवागत जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक के दौरान जेलर के समय से नहीं पहुंचने पर नाराजगी जाहिर करते हुए 20 दिन के अंदर जेल के बैरकों तथा कीचन, शौचालय व बाथरूम आदि की साफ-सफाई करने का आदेश दिया। इसके बाद नए कैदियों को आजमगढ़ भेजने के बजाय जेल के दो से तीन बैरकों में रखने के लिए निर्देेश दिया। जिसके बाद जेल प्रशासन द्वारा साफ-सफाई कराने के साथ ही अपने मुख्यालय को डीएम के निर्देश से पत्र के माध्यम से अवगत कराया गया। शासन व मुख्यालय से निर्देश मिलने के बाद जेल प्रशासन आगे की कार्रवाई करेगा।
बता दें कि जनपद में हुई मूसलाधार बारिश से जिला जेल की बैरकों में पानी भर गया था। जिसके चलते कैदियों काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। जिसकी जानकारी जेल प्रशासन द्वारा जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक समेत उच्चाधिकारियों को दिया गया था। उच्चाधिकारियों आदेश पर जिला जेल में निरूद्ध 939 कैदियों को गैर जनपद के जेलों में दो अक्तूबर 2021 को शिफ्ट किया गया था। इनमें से 600 कैदियों को आजमगढ़ और 339 कैदियों को अम्बेडकर नगर जिला जेल में भेजा गया था। उधर, नए कैदियों को भी जेल प्रशासन द्वारा आजमगढ़ जेल में भेजा जाता रहा। सोमवार की बैठक में नवागत जिलाधिकारी ने 20 दिन के अंदर जेल की साफ-सफाई कर नए कैदियों को आजमगढ़ के बजाय जिला जेल के कम से कम दो बैैरकों में शिफ्ट करने का आदेश जेलर को दिया। इस बाबत जेल अधीक्षक रत्नाकर सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी द्वारा 20 दिन क अंदर जेल की साफ-सफाई कर नए कैदियों को दो से तीन बैैरकों में शिफ्ट करने का आदेश दिया गया है। बताया कि डीएम के आदेश को मुख्यालय को अवगत करा दिया गया है। जैसा आदेश होता है आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुुराने कैदियों की वापसी करने का शासन स्तर का मामला है।