बलिया मार्ग स्थित पहाड़पुर गांव के समीप बुधवार की देर शाम साइकिल और बाइक की टक्कर में महिला समेत चार लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगो ने सभी घायलों को चिलकहर अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने साइकिल सवार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, बाइक सवार दो युवकों समेत एक महिला की हालत गम्भीर होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार चिलकहर डुमरी निवासी विजय शर्मा (65) पुत्र रामगोबिंद रसड़ा से दुकान बन्द करके साइकिल से घर जा रहे थे। पीछे से बाइक सवार युवक बलिया के मालगोदाम रोड निवासी सुधीर कुमार (22), सूरजू प्रसाद (26) आ रहे थे। बाइक की साइकिल में जोरदार टक्कर हो गई। साइकिल और बाइक की टक्कर में पैदल जा रहीं कोतवाली क्षेत्र के पहाड़पुर निवासिनी तारा देवी (50) पत्नी पारसनाथ भी घायल हो गईं। इलाज के दौरान चिकित्सकों ने विजय शर्मा को मृत घोषित कर दिया।