शहीद स्मारक सुखपुरा के जीर्णोद्धार, सुंदरीकरण व लघु पुस्तकालय तथा सभागार का लोकार्पण बृहस्पतिवार को एसपी राजकरन नय्यर ने स्वतंत्रता सेनानी रामविचार पांडेय के साथ किया। इस दौरान एसपी ने कहा कि आजादी की जंग में शहीदों की कुर्बानी और सेनानियों के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। उन्हीं की बदौलत आज हम आजाद मुल्क में सांस ले रहे हैं। उनके आदर्शों और नीतियों पर चलकर ही हम राष्ट्र को गौरव दिला सकते हैं। एसपी ने कहा कि देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। इस दौरान पंचायत की ओर से कराया गया यह कार्य सराहनीय है। इस मौके पर बीएचयू आयुर्वेद विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ.शिवजी गुप्ता ने कहा कि आने वाली पीढ़ियां इस शहीद स्मारक से प्रेरणा लेगी और राष्ट्र को मजबूत बनाने में अपना योगदान करेंगी। अतिथियों ने शहीद स्मारक पर माल्यार्पण कर नवनिर्मित लघु पुस्तकालय का अवलोकन किया। उमेश सिंह और प्रधान अभिमन्यु चौहान ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह व अंगवस्त्र से सम्मानित किया। ब्लाक प्रमुख चंद्रभूषण सिंह, सौरभ, शशिकांत मिश्र, बृजानंद पांडेय, श्याम बहादुर सिंह आदि थे। अध्यक्षता विजय शंकर सिंह व संचालन उमेश सिंह ने किया।