भीमपुरा। इब्राहिमपट्टी-उधरन नहर मार्ग पर रविवार की देर शाम अनियंत्रित होकर जीप नहर में पलट गई। जीप के नीचे दबने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने परिजनों के आग्रह पर शव को उन्हें सौंप दिया।
भीमपुरा थाना क्षेत्र के मुहम्मदपुर मठिया गांव निवासी इंतजार अहमद (32), मझवारा निवासी वाहन स्वामी की जीप चलाता था। वह रोज शाम को जीप लेकर अपने घर चला आता था और सुबह लेकर चला जाता था। रविवार की शाम को भी वह जीप लेकर अपने घर जा था। वह इब्राहिमपट्टी से नहर के रास्ते जैसे ही भिंड गांव के पास पहुंचा था कि उसकी जीप अनियंत्रित होकर नहर में पलट गई और वह वाहन के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। राहगीर ने घटना की सूचना इब्राहिमपट्टी पुलिस चौकी सहित मृतक के गांव पर दी। घटना स्थल पर मृतक के परिजन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। परिजन और ग्रामीणों ने शव का पोस्टमार्टम न कराए जाने का आग्रह किया, इस पर पुलिस ने शव को परिजनों को सौंप दिया।