बलिया। जनपद में कोरोना टीकाकरण अब रविवार को भी होगा। कारण कि जनपद में 18 प्लस की कोरोना टीकाकरण की स्थिति काफी धीरे चल रही है। इसके अलावा, जनपद में अब तक कुल 60 फीसदी ही लोगों को ही कोरोना का टीका लग पाया है। इसकी प्रगति रिपोर्ट जानने के बाद जिलाधिकारी ने पूरे सप्ताह नियमित रूप से कैंप लगाकर टीकाकरण करने का आदेश जारी किया है। जिसके बाद, जिला अस्पताल समेत 172 टीकाकरण केंद्रों पर सार्वजनिक अवकाश के बाद भी शुक्रवार को करीब 13 हजार लोगों को टीका लगाया गया।
बता दें कि जनपद में कोरोना टीका लगाने को लेकर बूथों पर जहां घंटों लाइन लगानी पड़ती थी। अब उन बूथों पर कर्मचारी टीका लगाने वालों का इंतजार कर रहे हैं। बावजूद लोग बूथों पर टीका लगाने नहीं पहुंच रहे हैं। हालांकि शासन और स्वास्थ्य विभाग ने मेेगा टीकाकरण कैंप लगाकर एक दिन में हजारों लोगों को टीका लगाने का काम किया है। इसके बाद, अब गांव स्तर पर टीमों को गठित कर डोर-टू-डोर टीका लगानेे के लिए कार्य किया जा रहा है। ताकि किसी भी गांव में कोई भी घर टीका लगवाने से वंचित ना रह सके। लेकिन वर्तमान में कोरोना टीका लगवाने को लेकर लोगों में उत्सुकता काफी कम दिख रही है। लोगों को बूथ की जानकारी नहीं है या फिर उनके घर तक स्वास्थ्य टीम पहुंच नहीं पा रही है अथवा वह स्वयं इसमें रुचि नहीं ले रहे हैं, यह समझ से परे है। हालांकि स्वास्थ्य महकमा आशा, आंगनबाड़ी समेत कई विभाग के कर्मचारियों के सहयोग से डोर-टू-डोर टीका लगाने का काम कर रहा है। इसका नतीजा है कि अब तक जनपद में कुल 60 फीसदी लोगों को कोरोना की पहली डोज लग चुकी है। इसमें 18 प्लस के 50 फीसदी लोगों को टीका लग पाया है। जबकि 45 और 60 प्लस के 65 फीसदी लोगों को टीका लगा चुका है। कुछ ब्लॉकों में तो 45 व 60 प्लस लोगों को 90 फीसदी तक टीका लगाया चुका है लेकिन जनपद में 18 प्लस वालों का टीका लगाने का प्रतिशत काफी कम है। आखिर 18 प्लस वाले युवा टीकाकरण में रुचि क्यों नहीं ले रहे हैं जबकि डोर-टू-डोर टीम पहुंच रही है। इस बाबत जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एके तिवारी ने बताया कि जनपद में कुल 60 फीसदी लोगों को पहली डोज लगाई जा चुकी है। शेष को लगाने की कवायद की जा रही है। बताया कि 18 प्लस वाले टीकाकरण में रुचि कम ले रहे हैं। इसकी जांच पड़ताल की जा रही है और गांव स्तर पर टीके लगाए जा रहे हैं ताकि 18 प्लस वालों का टीका में प्रतिशत बढ़े। डीएम के निर्देश पर अब रविवार को भी टीके लगाए जाएंगे।