बलिया। नियुक्त को लेकर अक्सर विवादों में रहने वाले माध्यमिक शिक्षक संघ (शर्मा गुट) के जिलाध्यक्ष अरविंद राय ऊर्फ मुन्ना बाबू के वेतन भुगतान पर जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। साथ इसकी सूचना शिक्षा निदेशक से लगायत विभागीय उच्चाधिकारियों को प्रेषित कर दी है। डीआईओएस इस कारवाई से विभाग में हड़कंप मचा है। अपर शिक्षा निदेशक(मा.) को प्रेषित पत्र में जिला विद्यालय निरीक्षक ने अरविंद राय की नियुक्त और उस संबंध में समय-समय पर जारी उच्च न्यायालय के आदेश का सिलसिलेवार उल्लेख किया है और कहा है कि शासन के निर्देश पर सीबसीआईडी द्वारा की गई जॉच में भी शहर कोतवाली में राय के खिलाफ धोखाधड़ी से लगायत कूट रचना करने समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत है और संबंधित वाद मुक्ष्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में लंबित है। ऐसे में शिक्षक अरविंद राय की नियुक्ति प्रथम दृष्टया फर्जी प्रतीत होती है। जिसके चलते उनका वेतन भुगतान बाधित किया जा रहा है। डीआईओएस ने अपर शिक्षा निदेशक(मा.) से उक्त प्रकरण में न्याय विभाग से विधिक सलाह भी मांगी है।
माध्यमिक शिक्षक संघ (शर्मा गुट) के जिलाध्यक्ष अरविंद राय ऊर्फ मुन्ना बाबू का विवादों से पुराना नाता रहा है। बीते मार्च माह में बोर्ड परीक्षा आरंभ होने से पूर्व राजकीय बालिका इण्टर कालेज चितबडागांव, बलिया के प्रधानाचार्य अतुल कुमार ने तत्कालीन डीआईओएस को शिकायती पत्र देकर अरविन्द राय पर गाली गलौज करने और डीआईओएस कार्यालय नहीं आने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया था,लेकिन तब तत्कालीन डीआईओएस का चहेता होने के कारण राय के खिलाफ कोई कारवाई नहीं हुई। इसके अलावा राय पर विधान सभा सामान्य निर्वाचन 2022 में अपने सगे सम्बंधियों को निर्वाचन ड्यूटी से हटाने का दबाव बनाने का भी आरोप लगा था। इसके अलावा बोर्ड परीक्षा 2022 में केन्द्र व्यवस्थापकों/ अतिरिक्त केन्द्र व्यवस्थापकों/ कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी परिवर्तन करने का अनावश्यक दबाव बनाने और उसके द्वारा नकल माफियाओं से साठ-गांठ करने का गंभीर आरोप लगा था।
शिक्षक अरविंद राय न्यायालय के आदेश पर वेतन ले रहे थे। नियुक्ति इनकी गलत तरीके से हुई है और इस मामले की याचिका भी कोर्ट से खारिज हो चुकी है। इसके आधार पर श्री राय का वेतन आहरण रोका गया है।
- राकेश कुमार, प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक, बलिया।