रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के अखनपुरा गांव (बनिया बांध) स्थित किसान सेवा केंद्र पेट्रोल पंप पर बुधवार की दोपहर दो बाइकों से पहुंचे चार हथियारबंद बदमाशों ने संचालक से 78 हजार रुपये लूट लिए। बदमाश तमंचा लहराते हुए पेट्रोल पंप की आफिस में घुस गए और संचालक से एक लाख रुपये लूट लिए। इसके बाद कर्मचारियों को असलहा सटाकर बाइक में पेट्रोल भी डलवाया। इसके बाद रसड़ा की ओर भाग निकले। पुलिस क्षेत्र की नाकेबंदी कर बदमाशों की तलाश में जुट गई लेकिन उनका सुराग नहीं लग सका।
सुखपुरा थाना क्षेत्र के जीराबास्ती निवासी नरेंद्र प्रसाद वर्मा बुधवार को रसड़ा के अखनपुर स्थित अपने पेट्रोल पंप के आफिस में बैठकर कर्मचारियों से हिसाब-किताब कर रहे थे। इसी बीच काले रंग के पल्सर और लाल रंग की बाइक से चार बदमाश पहुंचे।
बदमाश असलहा लहराते हुए आफिस में पहुंचे और संचालक से तमंचे के बल पर 78 हजार रुपये लूट लिए। यही नहीं हौसला बुलंद बदमाशों ने पेट्रोल पंप कर्मचारी रघुवर को असलहा सटाकर अपनी बाइक में तेल भी भरवाया। भय वश आसपास के लोगों ने बदमाशों को बोलना उचित नहीं समझा।
बदमाश तमंचा लहराते हुए रसड़ा की ओर भाग निकले। सूचना मिलते ही रसड़ा के प्रभारी कोतवाल अशोक कुमार तिवारी, एसआई रमाश्रय चौधरी, एसआई रघुराज सरोज ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। बदमाशों के बारे में जानकारी लेने के बाद उनकी तलाश शुरू कर दी लेकिन बदमाश देर शाम तक पुलिस की पकड़ से बाहर रहे। मौके पर एसपी राजू बाबू सिंह भी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। मामले में पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।