मंगलवार को एक दुकान पर दो युवकों के बीच मारपीट के मामले में दूसरे दिन उस वक्त नया मोड़ ले लिया जब आरोपी युवक भी तहरीर देने कोतवाली पहुंचा। उसने भी लूट का आरोप लगाते हुए पुलिस को घटनाक्रम से अवगत कराया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव मानकपुर निवासी फराज ने मंगलवार को कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि गद्दीटोला मोहल्ले तीन युवकों ने रंगदारी का विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की। आरोप था कि हमलावर 20 हजार रुपया लूट ले गए थे। दूसरे दिन आरोपी चंाद ने तहरीर सौंप दी। बकौल चांद मियां-फराज और उसके साथियों ने उसके साथ मारपीट की। बाद में उसके पास मौजूद 80 हजार रुपये छीन लिए गए।
पुलिस हालांकि दोनों पक्ष की तहरीरों की सच्चाई परखने के लिए तहकीकात कर रही है लेकिन अभी तक आपसी विवाद के अलावा आरोपों से जुड़ा कोई दूसरा पहलू सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि एक-दूसरे को फंसाने के लिए बेवजह तूल दिया जा रहा है। बता दें कि इसे लेकर गत दिवस भी दोनों पक्ष के लोगों को कोतवाली में जमघट लग रहा था। फिलहाल पुलिस ने दोनों में से किसी की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।