दोकटी थाना क्षेत्र के हृदयपुर ढाले के पास शुक्रवार की दोपहर बदमाशों ने सेवानिवृत्त पुलिस कर्मचारी से एक लाख रुपये लूट लिया। पीड़ित के तहरीर पर दोकटी पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
दोकटी थाना क्षेत्र के बलिवंत छपरा निवासी रघुनाथ तिवारी शुक्रवार को बैरिया स्थित स्टेट बैंक से एक लाख रुपया शादी खर्च के लिए निकाला। इसके बाद टैंपो में बैठकर लालगंज चट्टी पर आए और वहां से पैदल अपने घर जाने लगे। जैसे ही वह हृदयपुर ढाले के पास पहुंचे कि लालगंज से तेज रफ़्तार में एक बाइक पर दो बदमाश आये और उन्हें रोककर झोले में रखा एक लाख रुपया, पैन कार्ड, आधार कार्ड छिनकर फरार हो गए। जिसकी सूचना पीड़ित ने लालगंज चौकी को दी।
मामले में दोकटी एसओ विवेक पांडेय ने पीड़ित द्वारा बताये गए हुलिया के आधार पर कोड़हरा ढाले से दो युवकों को पकड़ पीड़ित से शिनाख्त कराई। लेकिन पीड़ित द्वारा शिनाख्त नहीं किए जाने पर दोनों युवकों को पुलिस ने छोड़ दिया। पीड़ित ने कहाकि बैंक से ही बदमाशों ने पीछा किया था। इस बाबत बैरिया सीओ उमेश कुमार ने बताया कि पीड़ित के तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं बदमाशों की तलाश जारी है।