-दुर्घटना में क्षतिग्रस्त बाइक
- फोटो : amarujala
कुलपहाड़ (महोबा)। कुलपहाड़-लाड़पुर मार्ग पर ग्राम बम्हौरी के समीप तेज रफ्तार कार और बाइक की सीधी भिड़ंत में बाइक सवार युवक की मौके पर मौत हो गई। बाइक के परखच्चे उड़ गए। सूचना पर पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम को भेजा है। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
थाना महोबकंठ के ग्राम धवार निवासी छविलाल (25) पुत्र भुजबल अपनी बहन के नंद की शादी के कार्ड बांटने बाइक से कोतवाली कुलपहाड़ के ग्राम लाड़पुर जा रहा था। जैसे ही वह बम्हौरी ग्राम से निकला तभी महोबा की ओर से आ रही कार ने बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक चालक की मौके पर मौत हो गई । सूचना पर पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम को भेजा है। बाइक सवार हेलमेट नही लगाए था जिससे उसके सिर पर गंभीर चोटें और उसकी मौत हो गई। घटना से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। वहीं रिश्तेदारी में चल रही शादी की खुशियां मातम में बदल गई।