बलिया। बच्चों और महिलाओं के पोषण स्तर में सुधार के उद्देश्य से मंगलवार को पोषण माह का शुभारंभ हुआ। सीडीओ प्रवीण वर्मा ने मंगलवार को पोषण माह का शुभारम्भ विकास भवन में दीप जलाकर किया। परिसर में पौधारोपण करते हुए पोषण वाटिका का सृजन किया।
बाल विकास परियोजना शहर की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने पोषण माह के शुभारम्भ पर विकास भवन से रैली निकाली। इसका समापन बाल विकास परियोजना शहर पर हुआ। ब्लाकों पर भी बाल विकास परियोजनाओं के अंतर्गत पोषण माह का शुभारम्भ कराया गया। प्रत्येक ब्लाक में पांच-पांच पोषण वटिका का सृजन किया गया। चार सप्ताह में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। पहले सप्ताह में सरकारी, आवासीय स्कूलों, आंगनबाड़ी केन्द्रों, ग्राम पंचायत की अतिरिक्त भूमि पर पोषण वाटिका की स्थापना के लिए पौधारोपण किया जाएगा। दूसरे सप्ताह में योगा एवं आयुष सत्रों का आयोजन बच्चों, किशोरी, बालिकाओं तथा गर्भवती महिलाओं को केन्द्रित करते हुए होगा। तीसरे सप्ताह में पोषण सम्बन्धी प्रचार प्रसार सामग्री, अनुपूरक पुष्टाहार आदि का वितरण व चतुर्थ सप्ताह में कुपोषित बच्चों के चिह्नांकन के लिए अभियान चलेगा।