मामला बलिया जिले के नरही थाना क्षेत्र के विकास खंड सोहांव के पिपरा कलां गांव का है। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार की रात करीब साढ़े 9 बजे क्षेत्र पंचायत सदस्य पद (बीडीसी) के एक दावेदार आकाश सिंह और दूसरे दावेदार मनीष सिंह धीरज के घर दावत का दौर जारी था। दोनों दावेदार एक ही सीट पर ताल ठोकने की तैयारी में हैं।
दोनों का घर पास में ही है। एक पक्ष के आकाश सिंह की दावत रात 9 बजे खत्म हो गई, जबकि दूसरे पक्ष के मनीष सिंह धीरज की दावत विक्रमा सिंह के दरवाजे पर रात साढ़े 9 बजे तक चल रही थी।
इसी दौरान किसी बात को लेकर मनीष सिंह धीरज और आकाश सिंह के समर्थकों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद में ईंट-पत्थर चलने लगे। जिसमें आकाश सिंह के पिता चंद्रभान सिंह(62) के सिर पर गंभीर चोटें आईं। इसके बाद विवाद बढ़ने पर दोनों ओर से फायरिंग शुरू हो गई। इस दौरान करीब 10 राउंड फायरिंग हुई। सूचना मिलते ही नरही थाना प्रभारी योगेंद्र बहादुर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और स्थिति को संभाला। वहीं, चितबड़ागांव और फेफना थाने की भी पुलिस मौके पर पहुंच गई।
इसी समय पुलिस अधीक्षक डॉ विपिन ताडा भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने दोनों पक्षों से 7 लोगों को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने आकाश सिंह की तहरीर पर बलवा और अन्य धाराओं में, जबकि विजय सिंह बागी की तहरीर पर हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर हिरासत में लिए गए लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
उधर, घटना में बुरी तरह से घायल चंद्रभान सिंह को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरही लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। स्थिति गंभीर होने पर बलिया से वाराणसी रेफर कर दिया। पुलिस ने मनीष सिंह धीरज की सफारी गाड़ी एवं आकाश सिंह की एंबुलेंस गाड़ी को कब्जे में ले लिया है।
नरही थाना प्रभारी योगेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि इस मामले में शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है। एहतियात के तौर पर घटनास्थल पर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।