मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत के निर्देश पर जिले की 25 ग्राम पंचायतों में पिछले वर्ष 2020 में एक से 25 दिसंबर के बीच हुए व्यय की जांच कराई गई। इसमें 15 गांवों में 94 लाख से अधिक की वित्तीय अनियमितता पाई गई है। इसके बाद सभी संबधित पंचायत सचिवों और ग्राम प्रधानों को नोटिस जारी कर दिया गया है। जांच के बाद मिली रिपोर्ट को जिलाधिकारी अदिति सिंह ने भी गंभीरता से लिया है। इससे इन 15 ग्राम पंचायतों में वित्तीय अनियमितता में दोषी पाए जाने वालों पर कड़ी कार्रवाई तय मानी जा रही है।
हल्दी, पूर, सरायभारती और रसड़ा बाहरी में सबसे ज्यादा गड़बड़ी
बलिया। विकास खंड बेलहरी के ग्राम पंचायत हल्दी में एक से 25 दिसंबर के बीच 38.65 लाख खर्च कर दिए गए, जिसमें 21.13 लाख की अनियमितता मिली है। इसी प्रकार पंदह ब्लॉक के पूर गांव में 68 लाख खर्च कर दिए गए, जिसमें 20 लाख की अनियमितता सामने आई है। रसड़ा ब्लॉक के सरायभारती में खर्च हुए कुल 21.13 लाख में 12.91 लाख और ग्राम पंचायत रसड़ा बाहरी में व्यय हुए 25.84 लाख में 12.85 लाख की गड़बड़ी मिली है।
इन गांवों में भी हुई लाखों की अनियमितता
बलिया। नवानगर ब्लॉक के सीसोटार में 5.88 लाख, नगरा ब्लॉक के गोठवा में 4.37 लाख और नरहीं में 4.36 लाख, हनुमानगंज के बसंतपुर गांव में 3.84 लाख और रामपुर महावल में 1.53 लाख की अनियमितता सामने आई है। इसके अलावा बांसडीह के महाराजपुर में 3.53 लाख, सीयर ब्लॉक के ससना बहादुरपुर में 2.16 लाख, मनियर ब्लॉक के जिगिरसड़ में 1.06 लाख, खड़सरा में 22 हजार, सोहांव के भरौली में 27881 और सोहांव में 15782 रुपये की अनियमितता मिली है।