कैसरगंज (बहराइच)। अच्छी सोच ही जीवन में सकारात्मक बदलाव लाती है। इसके माध्यम से ही सच्ची लगन के साथ की गयी मेहनत से सफलता पायी जा सकती है। यह आह्वान उपजिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार वर्मा ने मौजूद विद्यार्थियों से किया। वह कंचन शिशु मंदिर विद्यालय परिसर में आयोजित एक कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम में हिस्सेदारी कर रहे थे। जागृति कृषक क्लब की तरफ से आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सिविल मेडिकल, डिफेंस इंजीनियरिंग, बैंकिंग, एमबीए, एमसीए व शिक्षा के क्षेत्र में कैरियर बनाने संबंधित आवश्यक सलाह परामर्श मौजूद उपस्थित काउंसलरों की तरफ से दी गई।
कैरियर संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि प्रो. केएल मिश्र ने छात्र छात्राओं को अपने अंदर जुनून व जिज्ञासा पैदा करने की बात कही। उन्होंने कहा लक्ष्य प्राप्ति के लिए अपना सौ प्रतिशत योगदान देना चाहिए। प्लेटिनम केमिस्ट्री क्लासेज कानपुर के डायरेक्टर आश्रन बाबू ने रसायन जैसे कठिन विषय को सरलता से कैसे अध्ययन किया जाए इस संबंध में टिप्स दिए।
पूर्व आईएफएस सत्य प्रकाश त्रिपाठी ने सिविल सेक्टर में कैरियर बनाने की अपार संभावनाओं के बारे में बताते हुए कहा कि इसमें सफल होने के लिए सिर्फ धैर्य एकाग्रता व सतत प्रयास की आवश्यकता होती है। सैन्य क्षेत्र व पुलिस सेवा के बारे में विस्तृत जानकारी एयरफोर्स के पूर्व वारंट ऑफिसर वीरेश सिंह व परमीत सिंह ने दी। चिकित्साधिकारी डा वर्मा ने मेडिकल क्षेत्र की अपार संभावनाओं के बारे में छात्र-छात्राओं को बताया। काउंसलिंग कार्यक्रम के दौरान एक क्विज कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। इसमें सफल प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन रघुराज प्रसाद वर्मा ने किया।