पयागपुर (बहराइच)। कोट बाजार के केबी इंटर कॉलेज में होने वाले हीरक जयंती कार्यक्रम में शामिल होने उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा आ रहे हैं। जिसे देखते हुए प्रशासनिक अमला तैयारियों में जुटा हुुआ है। हेलीपैड का निर्माण देर शाम तक होता रहा।
हीरक जयंती कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे डिप्टी सीएम के आगमन को देखते हुए जिले के सभी एसडीएम को तैयारियों में लगाया गया है। डिप्टी सीएम जूनियर हाईस्कूल परिसर में बनने वाले हेलीपैड पर सोमवार को सुबह 11.10 बजे पहुंचेंगे।
यहां से वह सीधे विद्यालय पहुंचकर पूर्व प्राचार्य रामसेवक शर्मा स्मृति भवन का लोकार्पण व राजा रुदेंद्र विक्रम सिंह वाचनालय का शिलान्यास करेंगे। मेधावी छात्रों को भी सम्मानित करेंगे। उसके बाद राजा जयेंद्र विक्रम सिंह के आवास लालकोठी पर भोजन करेंगे। यहां से मंडी समिति में आयोजित प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में शामिल होंगे। पयागपुर विधायक सुभाष त्रिपाठी ने एसडीएम केपी भारती के साथ रविवार को चल रही तैयारियों का जायजा लिया।